Sun. Sep 8th, 2024

नई दिल्ली : दिल्ली में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के मामले में आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता आतिशी ने गृह मंत्री से कई सवाल पूछे है। आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूरी तरह से नाकाम साबित हुए हैं। उन्होंने दिल्ली की महिलाओं को सुरक्षा नहीं दी। उनके कार्यकाल में दिल्ली में दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ी हैं। दिल्ली में महिलाओं को डर लगता है। केंद्रीय गृह मंत्री ने दिल्ली में एक भी महिला थाना नहीं खोला। पुलिस के बड़े पैमाने पर पद खाली हैं। पीसीआर की संख्या नहीं बढ़ी। इसी कारण दिल्ली में अपराध बढ़े।

आतिशी ने कहा कि एक तरफ केंद्र सरकार असफल साबित हो रही है तो दूसरी तरफ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने महिला सुरक्षा के लिए अपने स्तर पर कई काम किए। सभी बसों में मार्शल तैनात किए। अब स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही हैं। उन्होंने 1,40,000 सीसीटीवी कैमरे लगाए और डेढ़ लाख कैमरा लगाने का प्रोसेस जारी है। जिससे अपराधी पकड़े जा रहे हैं, लेकिन दिल्ली पुलिस को व्यवस्था ऐसी करनी चाहिए जिससे अपराध ही न हो।

उन्होंने कहा कि बीते कुछ महीनों कई ऐसे मामले आए हैं, जिसमें 4 जुलाई को एक 6 साल की बच्ची का रेप हुआ। 5 अगस्त को 21 साल की एक महिला के साथ मंदिर मार्ग के नजदीक रेप हुआ। 11 अगस्त को उज्बेकिस्तान से आई एक विदेशी महिला के साथ बसंत कुंज में रेप हुआ, 12 अगस्त को 5 साल की एक बच्ची के साथ उसके स्कूल में रेप की घटना हुई और जब उस घटना की जांच की गई तो पता चला कि उन लोगों ने स्कूल की अन्य कई बच्चियों के साथ यह जघन्य अपराध किया है। 9 सितंबर को घर मे काम करने वाली 16 साल की लड़की के साथ रेप हुआ। 15 सितंबर को काउंसिलिंग के नाम पर पुलिस थाने में ले जाई गई लड़की के साथ थाने के अंदर ही रेप की घटना हुई, 16 सितंबर को एक बेघर महिला के साथ एक पार्क में रेप हुआ। अभी 2 दिन पहले ही दिल्ली के नरेला इलाके में 11 साल की मासूम बच्ची के साथ रेप की घटना सामने आई है।

उन्होंने कहा कि यह लिस्ट लंबी है। हम दिल्ली वालों के लिए बेहद शर्म की बात है कि जहां दुनिया में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं, अपने देश का, अपने समाज का नाम रोशन कर रही हैं, वहीं दिल्ली की महिलाओं को सुरक्षा भी उपलब्ध नहीं है।

loading...

By Khabar Desk

Khabar Adda News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *